मेरठ, होटल सफायर में हुई बैठक में उपजा ने जिला और तहसील स्तर पर नई कार्यकारिणी घोषित की। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) ने मेरठ में अपने संगठन का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। शनिवार को आबूलेन स्थित होटल सफायर में आयोजित बैठक में जिले से लेकर तहसील स्तर तक जिम्मेदारियां बांटी गईं। इस मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे सभी ने नई टीम के गठन पर खुशी जाहिर की।
बैठक की अध्यक्षता गौरव चौधरी ने की, जिन्हें प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में सर्वसम्मति से अन्य पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया गया।
इस अवसर पर सुरेश चंद शर्मा को संरक्षक नियुक्त किया गया। मुकेश गुप्ता और संजीव शर्मा को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई।संगठन की कार्यप्रणाली को गति देने के लिए सुनील तनेजा को महामंत्री बनाया गया। वहीं, वरिष्ठ स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान करने हेतु हशमें आलम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शाह फिरोज को उपाध्यक्ष और शैलेंद्र राणा को भी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई।संगठन की आर्थिक व्यवस्था की कमान सोमेश भारद्वाज को कोषाध्यक्ष के रूप में सौंपी गई।
महिला पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से रिदा खान को महिला विंग अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा संगठन के संचालन को बेहतर बनाने के लिए नवनीत बैंसला, जितेंद्र शर्मा, गौहर अनवर को सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई। तहसील स्तर पर संगठन का विस्तार करते हुए राजपाल सिंह को मवाना तहसील अध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं मीडिया से जुड़ी गतिविधियों की कमान भूषण अरोड़ा को मीडिया प्रभारी और नवीन मिश्रा को सह मीडिया प्रभारी के रूप में दी गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि उपजा का यह विस्तार पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी जिले और तहसील स्तर पर पत्रकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी और उनके हितों की रक्षा करेगी।